Makar Sankranti 2025 : सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का महापर्व मकर संक्रांति यानि खिचड़ी मंगलवार को मनाई जाएगी। लोग सुबह से ही पुण्य काल में पवित्र नदियों और अपने घरों में स्नान, सूर्य की पूजा, जप, अनुष्ठान, दान दक्षिणा करेंगे।
इस बार मकर संक्रांति पर विष्कुंभ योग और पुनर्वसु नक्षत्र का संयोग बन रहा है। जिसे बहुत ही शुभ माना जा रहा है। मकर संक्रांति के साथ ही खरमास भी समाप्त हो जाएगा और शुभ कार्य शुरू हो जाएंगे। महाकुंभ के शुरू होने के साथ ही इस बार सनातनियों के बीच मकर संक्रांति पर्व का महत्व और बढ़ गया है।
महाकुंभ का पहला अमृत स्नान आज-
महाकुंभ का पहला अमृत (शाही) स्नान आज है। मकर संक्रांति के अवसर पर सभी 13 अखाड़े अपने नागा संन्यासियों के साथ संगम तट पर स्नान करेंगे।
अगले दो अमृत स्नान
- 29 जनवरी मौनी अमावस्या
- 03 फरवरी वसंत पंचमी
हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष 14 जनवरी को भगवान सूर्य सुबह 8.55 बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे। साथ ही विष्कुंभ योग और पुनर्वसु नक्षत्र का संयोग भी है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही पुण्यकाल में स्नान और दान के बाद तिल खाना शुभ रहेगा। पुण्यकाल सुबह 8.55 बजे से शाम 5.43 बजे तक रहेगा। पुण्यकाल में स्नान के बाद होम, जप, अनुष्ठान करने तथा ब्राह्मणों व गरीबों को तिल, गुड़, मिठाई, खिचड़ी सामग्री, गर्म कपड़े, कंबल, लकड़ी आदि दान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। कुंडली में सूर्य शनि का दोष हो तो मकर संक्रांति पर्व पर सूर्य उपासना व काले तिल का दान करने से सूर्य शनि का दोष दूर होता है।
खरमास होगा समाप्त-
मकर संक्रांति के साथ ही खरमास समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही लोग विवाह, सगाई, मुंडन, गृह प्रवेश आदि शुभ व मांगलिक कार्य कर सकते हैं। 16 जनवरी से विवाह के लिए शुभ मुहूर्त भी निकलने लगेंगे।
इसी दिन गंगा जी सागर में मिली थीं
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल बताते हैं कि मकर संक्रांति से कई पौराणिक तथ्य जुड़े हैं। इस दिन मां गंगा जी भागीरथ के पीछे-पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होकर सागर में मिली थीं। इसीलिए इस दिन गंगा स्नान व तीर्थ स्थलों पर स्नान दान का विशेष महत्व है। महाभारत की कथा के अनुसार भीष्म पितामह ने अपनी देह त्यागने के लिए मकर संक्रांति का दिन चुना था।
ये भी पढ़ें-:
BPSC: ‘खान सर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें’, पटना के 2 चर्चित शिक्षकों को BPSC ने भेजा कानूनी नोटिस, दिया 15 दिन का समय
Donald Trump Porn Star Case: पोर्न स्टार मामले में ट्रंप को सजा और राहत दोनों मिली, राष्ट्रपति पद की शपथ लेने का रास्ता साफ
Virat Kohli Anushka Sharma: प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद मुंबई पहुंचे विराट कोहली-अनुष्का शर्मा, वीडियो Social Media पर वायरल
Ravindra Jadeja: टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं रवींद्र जडेजा, Social Media पोस्ट ने मचाई हलचल